नेपाल में फ्लाइट रद्द होने, उड़ान में देरी, सामान खोने पर यात्रियों को मुआवजा देने की तैयारी
काठमांडू, 15 सितंबर । नेपाल के संस्कृति, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री खड़क राज पौडेल ने कहा है कि सरकार फ्लाइट रद्द होने, उड़ान में देरी, सामान खोने और अन्य मामलों में यात्रियों के अधिकार और न्यूनतम मुआवजे को कानूनी रूप से सुनिश्चित करने की तैयारी कर रही है।
मंत्री पौडेल ने मंगलवार को सिंहदरबार में राष्ट्रीय सभा की विधायी प्रबंधन समिति की बैठक में ‘घरेलू वायुसेवा की देयता विधेयक, 2083’ पर सैद्धांतिक चर्चा के दौरान कहा कि विधेयक में घरेलू विमान कंपनियों की कानूनी जिम्मेदारी, यात्रियों के अधिकार और मुआवजे से जुड़े प्रावधानों को कानून में शामिल करने का प्रस्ताव है।
उन्होंने बताया कि सरकार मौजूदा करीब 20 हजार अमेरिकी डॉलर की बीमा देयता को बढ़ाकर एक लाख अमेरिकी डॉलर करने का प्रस्ताव कर रही है। यह अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगा। मंत्री ने यह भी कहा कि बीमा कवरेज बढ़ने के कारण भविष्य में हवाई किराए में कुछ वृद्धि की संभावना के लिए यात्रियों को तैयार भी रहना चाहिए।
पौडेल ने कहा कि पहली बार ऐसे लोगों के लिए भी कानूनी तौर पर मुआवजे का आधार तैयार किया जा रहा है, जो विमान के यात्री नहीं हैं। यदि किसी विमान दुर्घटना में जमीन पर या किसी के घर में मौजूद व्यक्ति की मौत होती है या संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, तो ऐसी स्थिति में भी मुआवजे की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नियामक और सेवा प्रदाता की भूमिका को अलग करने तथा हवाई अड्डे के संचालन से जुड़े मुद्दों को नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण से संबंधित एक अलग विधेयक के माध्यम से संबोधित किया जाएगा।
———–

