नूंह: पहचान छिपाकर ऑटो से गांवों में सब्जी बेच रहा था फरारी काट रहा आराेपी, काबू
नूंह, 09 सितंबर । नूंह पुलिस ने थाना रोजका मेव क्षेत्र से 12 साल से फरार चल रहे एक भगोड़े अपराधी को बुधवार काे गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर ऑटो थ्री-व्हीलर से गांवों में सब्जी की फेरी लगाकर फरारी काट रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि थाना रोजका मेव पुलिस को गुप्तचर से सूचना मिली थी कि वर्ष 2014 के एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में स्पेशल स्टाफ, नई दिल्ली का वांछित भगोड़ा अपराधी क्षेत्र में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आबिद खान पुत्र सगीर खान निवासी चाहलका, थाना मोहम्मदपुर अहीर, तावडू, जिला नूंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2014 से दिल्ली पुलिस से बचता आ रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपनी पहचान छिपा रखी थी और ऑटो से आसपास के गांवों में सब्जी बेचकर जीवन-यापन कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे संबंधित मामले में आगामी कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।

