नवनियुक्त पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायती राज अधिनियम व नियमों की दी जानकारी
मंडी, 09 सितंबर । मंडी जिला के सुंदरनगर विकास खंड के बीडीओ कार्यालय के सभागार में नवनियुक्त पंचायत प्रतिनिधियों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा ने पंचायती राज अधिनियम, नियमों तथा पंचायतों के व्यावहारिक कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान जिला पंचायत अधिकारी ने पंचायत प्रतिनिधियों को प्रधान, उपप्रधान और वार्ड पंच की शक्तियों, दायित्वों एवं अधिकारों के बारे में विस्तार से अवगत करवाया।
उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था के तहत पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका, पंचायत कार्यों के संचालन तथा नियमों के अनुपालन से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों के लिए पंचायती राज अधिनियम एवं नियमों की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वे अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
इस अवसर पर बीडीओ सुंदरनगर नियोन धैर्य शर्मा ने जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा का स्वागत एवं प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया तथा प्रतिनिधियों से पंचायतों के विकास कार्यों को पारदर्शिता और नियमों के अनुरूप आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

