लापता 5 वर्षीय आर्या का चौथे दिन भी सुराग नहीं, 65 घंटे से सर्च अभियान जारी
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह की तहसील नौहराधार के अंतर्गत ग्राम पंचायत लाना-चेता के घेवना गांव से लापता हुई 5 वर्षीय नन्हीं बच्ची आर्या की तलाश में आज चौथे दिन भी सुबह से सर्च अभियान जारी है। दोपहर तक करीब 65 घंटे बीत जाने के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिवार सहित पूरे क्षेत्र में चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एनडीआर की टीम तथा प्रशासनिक अधिकारी इस सर्च ऑपरेशन में ग्रामीणों के साथ कड़ी मशक्कत कर रहे हैं। जंगल, खड्ड और आसपास के क्षेत्रों में लगातार तलाशी ली जा रही है। लेकिन अभी तक इस अभियान में सफलता नहीं मिली है। स्थानीय ग्रामीण भी इस अभियान में एनडीआरएफ के साथ सर्च अभियान में जुटे हुए हैं।

