21वें दिन में पहुंच गई संघर्ष समिति की भूख हड़ताल…अब की जाएंगी बड़ी रैलियां व सामूहिक उपवास
मंडी, 09 सितंबर । आरसीएफसी बचाओ संघर्ष समिति की भूख हड़ताल 21वें दिन में प्रवेश कर गई है। बुधवार को संघर्ष समिति की भूख हड़ताल पर किसान सभा के नेता और कार्यकर्ता बैठे हैं। इनमें चलहारग पंचायत के वार्ड सदस्य एवं सेवानिवृत वरिष्ठ फोरमैन कर्म सिंह चौधरी, चलहारग पंचायत से ही सेवानिवृत कनिष्ठ अभियंता अमर सिंह चौधरी, बिहूं पंचायत से आदित्य बिष्ट तथा कस पंचायत से मयंक शामिल हैं। पिछले कल हराबाग से कर्म चंद, नौहली से चेत राम व संजय कुमार तथा बिहूं पंचायत से सुरेंद्र ठाकुर ने मोर्चा संभाला था।
इस अवसर पर संघर्ष समिति के वरिष्ठ नेता रोटेरियन अजय ठाकुर, कृपाल ठाकुर तथा कर्म चंद ने कहा कि जब तक आरसीएफसी को जोगिंदर से स्थानांतरित करने की नोटिफिकेशन रद्द नहीं की जाती है, तब तक आंदोलन बदस्तूर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इस आंदोलन को हर गांव व पंचायत में ले जाया जाएगा तथा अलग-अलग क्षेत्रों में बड़ी रैलियां भी आयोजित की जाएंगी।
इस मौके पर बृज गोपाल अवस्थी, शेर सिंह ठाकुर तथा कुशाल भारद्वाज ने कहा कि यह लड़ाई न केवल एक संस्थान को बचाने की है, बल्कि एक पिछड़े लेकिन इस आरसीएफसी हेतु हर लिहाज़ उपयुक्त स्थान से छीनकर अन्यत्र स्थानांतरित करना न केवल जोगिंदर नगर बल्कि मंडी कांगड़ा सहित एक बड़े क्षेत्र की लाभान्वित होने वाली जनता से भेद भाव है।
संघर्ष समिति के आगामी कार्यक्रम बारे कुशाल भारद्वाज ने जानकारी दी कि इस भूख हड़ताल को मजबूती देने के लिए शीघ्र ही जगह-जगह सामूहिक उपवास भी किए जाएंगे। केंद्र व राज्य सरकार से मांग की गई कि तुरंत हस्तक्षेप कर इस संस्थान को स्थानांतरित करने की नोटिफिकेशन रद्द की जाए।

