ब्रास सिटी क्रिकेट एकेडमी ने द आर्यंस क्रिकेट एकेडमी को पांच विकेट से हराया
मुरादाबाद, 21 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में ताजपुर माफी स्थित सीएसएस क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर चल रहे करण सिंह अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को ब्रास सिटी क्रिकेट एकेडमी ने द आर्यंस क्रिकेट एकेडमी को पांच विकेट से हरा दिया। ब्रास सिटी की जीत में संदीप ने 64 रन बनाने के साथ तीन विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए द आर्यस क्रिकेट एकेडमी की टीम 27.3 ओवर में 139 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से मोहम्मद मदनी ने 48 और उदयवीर ने 28 रन बनाए। ब्रास सिटी क्रिकेट एकेडमी की और से रेहान वर्मा और संदीप ने तीन-तीन, जबकि जतिन ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूथ क्रिकेट एकेडमी ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। संदीप ने 64 रन और काव्यांत सिसोदिया ने 40 रन की नाबाद पारी खेली। द आर्यंस की ओर से मोहम्मद मदनी और कृष्णा ने दो-दो विकेट लिए। मैच में अंपायरिंग मोहम्मद साहनखज व जुनैद ने की, जबकि यूनुस ने स्कोरर की भूमिका निभाई।
इस दौरान मोबिन मलिक, रवीय बख्त, साहुल पंड्या, करण सिंह, कुशल यादव, हम्माद अनवर, विशेष कुमार, विश्वास कुमार आदि मौजूद रहे।


