मंडलीय बालक क्रिकेट टीम के लिए 16 खिलाड़ियों का चयन
मुरादाबाद, 12 अक्टूबर । मुरादाबाद जनपदीय अंडर-17 विद्यालयी क्रिकेट प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर सोमवार को मंडलीय बालक क्रिकेट टीम के लिए 16 खिलाड़ियों का चयन पारकर इंटर कॉलेज के क्रिकेट ग्राउंड में किया गया है। चयनित खिलाड़ी संभल में आयोजित होने वाली मंडलीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ नौ अक्टूबर को पारकर इंटर कॉलेज के मैदान पर हुआ था। दो दिन लगातार बारिश के कारण अन्य मुकाबले सोमवार को हुए। इसके बाद मंडल की टीम का चयन किया गया। प्रतियोगिता में स्वरूपी देवी मेमोरियल इंटर कॉलेज, मदन स्वरूप इंटर कॉलेज, एसएस इंटर कॉलेज, आकांक्षा विद्यापीठ इंटर कॉलेज, पारकर इंटर कॉलेज, हैविट मुस्लिम इंटर कॉलेज, चित्रगुप्त इंटर कॉलेज ने प्रतिभाग किया।
एसडीएम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य उदयराज सिंह ने चयनित खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मंडलीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका मंडलीय क्रीड़ा सचिव वंश बहादुर, वीर सिंह, आफताब, दीपक गोला, राहुल कुमार, सुमित शर्मा, राजीव कुमार, भास्कर राघव, हरिकृष्ण शर्मा, मनोज प्रताप, गौरव कश्यप, निशीत बिजोय दास, शमशाद हुसैन ने निभाई।
मंडलीय अंडर-17 बालक क्रिकेट टीम में हिंदू मॉडल इंटर कॉलेज के खुशहाल, ऋषि, देव और आदर्श का चयन हुआ है। एसएस इंटर कॉलेज से प्रियांशु, मदन स्वरूप इंटर कॉलेज से जैद और मौ. शाहजिल को टीम में जगह मिली है। आकांक्षा विद्यापीठ इंटर कॉलेज से अयान, रचित, युवराज सिंह और अक्षत यादव चयनित हुए हैं। जीजी हिंदू इंटर कॉलेज से संचित और अक्षत, चित्रगुप्त इंटर कॉलेज से शौर्य तथा एसडीएम इंटर कॉलेज से हनी और अमन को टीम में शामिल किया गया है।


