चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ 05 अक्टूबर को अयोध्या में मार्च : अवधेश प्रसाद
अयोध्या, 04 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश की राम नगरी अयाेध्या में समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने रविवार को प्रेसवार्ता में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने के बाद लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान ने सभी को मताधिकार दिया है। लोकतंत्र की जड़ें मजबूत रखने के लिए चुनाव प्रक्रिया का स्वतंत्र और निष्पक्ष होना जरूरी है।
सांसद ने चुनाव आयोग को लेकर सपा नेतृत्व की ओर से की गई टिप्पणियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी की ओर से सभी जिलों में कैंडल मार्च निकाला जाएगा। पांच अक्टूबर को अयोध्या में गांधी पार्क से कलेक्ट्रेट तक मार्च प्रस्तावित है। छह अक्टूबर को पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली में एकत्र होकर चुनाव आयोग तक पैदल मार्च करेंगे। मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर सपा ने सात दिवसीय अभियान की घोषणा की है। सांसद ने कहा कि सांडों का आतंक भी बढ़ रहा है। इस समस्या को लेकर पार्टी ने सड़क से लेकर संसद तक आवाज उठाई है।
उन्होंने बताया कि आठ अक्टूबर को पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन’ के यहां सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के आने का कार्यक्रम है। प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन’, सपा जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव ‘राणा’, श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, अनूप सिंह, छोटे लाल यादव, बलराम मौर्य, सरोज यादव, छेदी सिंह, राम अचल यादव, हामिद जाफर ‘मीसम’ लवलेश पाण्डेय समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे ।

