जींद : युवक को गोली मारने का आरोपित काबू
जींद, 04 अक्टूबर । गांव बेलरखां के निकट गत दो अक्टूबर को युवक को गोली मार कर गंभीर रूप से घायल करने के आरोपित को सीआईए स्टाफ नरवाना ने गिरफ्तार गिरफ्तार किया है। सदर थाना नरवाना पुलिस ने इस मामले में पंजाब के तीन आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया हुआ है।
सीआइए स्टाफ नरवाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि गांव बेलरखा निवासी अजय (25) को गत दो अक्टूबर देर शाम को कार सवार युवकों ने गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना को अंजाम देकर आरोपित फरार हो चुके थे। पुलिस ने जांच को आगे बढाया तो पंजाब के डेरा साधुगढ़ निवासी कुलजीत सिंह, गुरजेंट सिंह, मंगल सिंह के नाम सामने आए। छानबीन में सामने आया कि आरोपितों के साथ घायल अजय का रुपयों को लेकर लेनदेन था।
उसी सिलसिले में आरोपितों ने अजय को गांव बेलरखां के निकट बुलाया था। उसी दौरान उनमें कहासुनी हो गई। आरोपित गुरजेंट ने अपने पास मौजूद असलहा से अजय पर फायर कर दिया। जिसमें गोली लगने से अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अजय को जब उसके साथी कार से लेकर नागरिक अस्पताल नरवाना लेकर जा रहे थे। आरोपितों ने घायल अजय की गाड़ी का पीछा भी किया था। सदर थाना नरवाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर कुलजीत सिंह, गुरजेंट सिंह, मंगल सिंह के खिलाफ जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया था। सीआइए स्टाफ नरवाना ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपित कुलजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।


