बीकानेर में करियर कनेक्ट-2026, 90 अभ्यर्थियों का चयन; 160 अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट
बीकानेर, 06 अक्टूबर । बेसिक पी.जी. कॉलेज, बीकानेर में मंगलवार को विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए ‘Career Connect-2026: Employability & Career Oriented Campus Placement’ का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में 25 कंपनियों ने हिस्सा लिया और 250 पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें 400 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 90 का विभिन्न चरणों में चयन हुआ और उन्हें रोजगार प्रस्ताव दिए गए। 160 अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
कार्यक्रम में विधायक जेठानन्द व्यास मुख्य अतिथि रहे। महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के रजिस्ट्रार यशपाल आहुजा, भाजपा नेता सुरेन्द्र सिंह शेखावत, रोजगार कार्यालय बीकानेर के डिप्टी डायरेक्टर हरगोविन्द मित्तल सहित नगर निगम के पार्षद और अन्य अतिथि मौजूद रहे। महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामजी व्यास और प्राचार्य डॉ. सुरेश पुरोहित ने अतिथियों का स्वागत किया।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सुरेश पुरोहित के अनुसार आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगारपरक कौशल, उद्योग जगत की अपेक्षाओं और बदलते रोजगार बाजार से परिचित कराना था। चयन प्रक्रिया में कौशल परीक्षण, करियर काउंसलिंग, ग्रुप डिस्कशन, व्यक्तिगत साक्षात्कार और रेज्यूमे संबंधी मार्गदर्शन जैसी गतिविधियां हुईं। विद्यार्थियों को कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने का अवसर भी मिला।
मुख्य अतिथि विधायक जेठानन्द व्यास ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को रोजगार के लिए आवश्यक कौशल और व्यावहारिक दक्षताएं भी विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कॉलेज की ओर से विद्यार्थियों को रोजगार और उद्योग जगत से जोड़ने की पहल को उपयोगी बताया।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रोशनी शर्मा ने बताया कि 25 कंपनियों की ओर से 250 पदों के लिए चयन प्रक्रिया हुई। इसमें 90 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जबकि 160 को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।


