पलवल : प्रधानमंत्री ने राष्ट्रसेवा, जनसेवा और गरीब कल्याण के लिए समर्पित किया 25 वर्षों का सेवाकाल : हरिंद्र सिंह
पलवल, 07 अक्टूबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं शासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पलवल के इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय ‘सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राष्ट्र स्तरीय कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भव्य रंगोली ने लोगों का उत्साह बढ़ाया।
विधायक होडल हरिंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवाकाल को राष्ट्रसेवा, जनसेवा तथा गरीब कल्याण के लिए समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला, युवा, मजदूर और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान ‘सेवा ज्योति-मशाल’ प्रज्ज्वलित कर ‘विकसित भारत संकल्प ज्योति यात्रा’ निकाली गई। भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला की अगुवाई में विधायक हरिंद्र सिंह, विधायक हथीन मोहम्मद इसराइल सहित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने यात्रा में भाग लिया। यात्रा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर आगरा चौक तक पहुंची। इस दौरान ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष, नगाड़ा और बीन पार्टियों की प्रस्तुतियों ने माहौल को देशभक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, पूर्व मंत्री जगदीश नायर, पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल, पूर्व विधायक रामरतन, भाजपा जिला प्रभारी नगेंद्र शर्मा, विपिन बैंसला, आशा भारद्वाज, उत्सव आनंद, मनीषा शर्मा, उपमा अरोड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


