Himachal Pradesh

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंडी शाख उत्सव में हुए शामिल, संगीतकार एस.डी. कश्यप को किया सम्मानित

मंडी, 09 अक्टूबर । पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी में आयोजित शाख मंडी उत्सव तथा कुल्लू मनाली इंटरनेशनल सिनेमा फेस्टिवल में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उनके साथ मंडी भाजपा प्रभारी पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक इंद्र सिंह गांधी, भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद, मेयर सुमन ठाकुर और डॉ. साधना ठाकुर भी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम के दौरान जयराम ठाकुर ने हिमाचली कला, संस्कृति और सिनेमा जगत से जुड़े कलाकारों एवं उभरती प्रतिभाओं से सीधा संवाद कर उनके योगदान को सराहा। उन्होंने हिमाचली संगीत की नींव रखने वाले दिग्गज संगीत निर्देशक एवं संगीतकार एस.डी. कश्यप को विशेष रूप से सम्मानित किया और उनका मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।

एस.डी. कश्यप के योगदान की सराहना करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उनका समृद्ध कार्य हमारी लोक संस्कृति और संगीत की एक अमूल्य धरोहर है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की संगीत यात्रा को नई दिशा देने वाले ऐसे महान व्यक्तित्वों का सम्मान करना और उनसे आशीर्वाद पाना सदैव एक अत्यंत प्रेरणादायी अनुभव रहता है। जयराम ठाकुर ने हिमाचल की समृद्ध कला, संगीत, संस्कृति और क्षेत्रीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए आयोजकों के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करते हैं, बल्कि प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए एक बेहतरीन मंच भी प्रदान करते हैं।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि हिमाचली संस्कृति, लोक संगीत और सिनेमा को देश-दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाने के ऐसे सार्थक और सराहनीय प्रयास भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।