नैनीताल में 23 अक्टूबर को रोजगार मेला
नैनीताल, 18 अक्टूबर । निजी क्षेत्र में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए 23 अक्टूबर को नैनीताल क्लब के शैले हॉल में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित यह मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें विभिन्न कंपनियां और नियोजक प्रतिभाग करेंगे।
जिला सेवायोजन कार्यालय के अनुसार, रोजगार मेले में मदरसन सुमी वायरिंग इंडिया लिमिटेड, पुखराज हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, नमः होटल नैनीताल, भारतीय स्टेट बैंक, इनोवो सॉर्स, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, एआईएमटी हल्द्वानी, क्वेस कॉर्प लिमिटेड और टाटा मोटर्स सहित कई कंपनियां शामिल होंगी।
मेले में विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार और परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। चयनित युवाओं को पद और योग्यता के अनुसार 10 हजार से 25 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिल सकेगा।
रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और होटल प्रबंधन की योग्यता रखने वाले 18 से 40 वर्ष तक के अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। इच्छुक युवाओं को अपना बायोडाटा और शैक्षिक प्रमाणपत्रों व अंकपत्रों की छायाप्रतियों के साथ पहुंचना होगा। अभ्यर्थियों को संबंधित कंपनियों से पदों, कार्य और चयन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करनी होगी।


