UP

अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर होगी कड़ी कार्रवाई – जिलाधिकारी

बिजनौर, 14 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में शारदीय नवरात्र, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व के दृष्टिगत कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिकों तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने तथा शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं। रावण दहन के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा जनहानि की आशंका उत्पन्न करने वाले विस्फोटक पदार्थों एवं पटाखों का प्रयोग न किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि रामलीला आयोजक कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें और यह सुनिश्चित करें कि रेलवे ट्रैक के नजदीक के स्थानो, नदी के किनारे, हाई टेंशन वायर के समीप व किसी तालाब के निकट रावण दहन न कराया जाए।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुर्गा पूजा एवं अन्य संबंधित आयोजनों के दौरान जनपद में कुल 117 शोभायात्राएं निकाली जाती हैं, जबकि 85 स्थानों पर रावण दहन होता है। इसके अतिरिक्त 25 स्थानों पर महर्षि वाल्मीकि शोभायात्राएं निकाली जाती हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं आयोजकों से इन सभी कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

बैठक का संचालन अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, एएसपी सिटी, एएसपी ग्रामीण, एएसपी पूर्वी, विभिन्न तहसीलों से आए उप जिलाधिकारी, अन्य विभागीय अधिकारी तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।