धामपुर में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया तीन लोगों पर हत्या का आरोप, गांव में पुलिस तैनात
बिजनौर, 22 अक्टूबर | उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में धामपुर थाना क्षेत्र के सुहागपुर गांव में 27 वर्षीय दलित युवक विपिन कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार रात युवक गांव में घायल अवस्था में मिला था। सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम उसे अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने गांव की एक महिला समेत तीन लोगों पर विपिन के साथ मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि गांव में चोर-चोर का शोर मचने पर भागते समय युवक नाली के पास गिरकर घायल हुआ था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
विपिन कुमार पुत्र स्वर्गीय डॉक्टर चेतराम सिंह का मकानसुहागपुर गांव में रविदास मंदिर के पास है। वह धामपुर के एक रेस्टोरेंट में काम करता था। विपिन की मां गजरी ने बताया कि बुधवार रात करीब नौ बजे उन्हें सूचना मिली कि उनका बेटा गांव में खेड़ा के पास पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां विपिन नहीं मिला। बाद में उन्हें उसकी मौत होने और शव थाने में होने की जानकारी मिली। मां के अनुसार कुछ लोगों ने उन्हें बताया कि विपिन के साथ मारपीट की गई और उसका गला दबाया गया। परिजनों ने घटनास्थल के पास रहने वाली एक महिला समेत तीन लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। सीओ धामपुर अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि गांव में चोर-चोर का शोर मचने पर दो युवक भाग रहे थे। इसी दौरान एक युवक गिरकर घायल हो गया। डायल 112 की टीम उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सीओ के अनुसार पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत के वास्तविक कारणों और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों के संबंध में जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।————-


