UP

उप्र के हमीरपुर में फर्राटा पंखे की चपेट में आने से युवक की मौत

हमीरपुर, 15 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मौदहा कोतवाली क्षेत्र के पढोहरी गांव में फर्राटा पंखे की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। युवक के ऊपर अचानक पंखा गिर गया, जिसमें करंट उतरने से उसकी मौके पर ही मौत हुई है। गुरुवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पढोहरी गांव निवासी करन सिंह के पुत्र योगेंद्र सिंह (22) बेड से उठे थे। मृतक के चाचा चंद्रभान ने जानकारी दी कि उठने के दौरान बगल में रखा फर्राटा पंखा अचानक उनके ऊपर आ गिरा। पंखे में करंट उतरने से योगेंद्र उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से अचेत हो गए। स्वजन उन्हें गंभीर हालत में निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक योगेंद्र तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।