UP

फर्रुखाबाद : पिकअप डंपर की भिड़ंत में मां- बेटी की मौत, पिता समेत कई घायल

फर्रुखाबाद, 10 अक्तूबर (हि .स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद में थाना राजेपुर क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे पर जैनापुर के निकट शनिवार को पिकअप और डंपर की भिड़ंत में चार वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप चालक शरीफ वाहन के अंदर फंस गया। पुलिस ने करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद ग्राइंडर से पिकअप की खिड़की कटवाकर उसे बाहर निकलवाया।

जनपद फर्रुखाबाद में पांचाल घाट निवासी विमलेश अपनी पत्नी पूजा और चार वर्षीय बेटी के साथ शाहजहांपुर स्थित अपनी ससुराल से फर्रुखाबाद लौट रहे थे। जैनापुर के पास उनकी पिकअप की डंपर से टक्कर हो गई। हादसे में विमलेश के परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने 25 वर्षीय पूजा और उनकी चार वर्षीय बेटी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल विमलेश का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। वहीं, करीब 55 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति और पिकअप चालक शरीफ की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस हादसे के संबंध में जानकारी जुटा रही है। थानाध्यक्ष नागेन्द्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।