कैचमेंट क्षेत्र शिमला की जल सुरक्षा का आधार : मंत्री अनिरुद्ध सिंह
शिमला, 02 अक्टूबर । ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि शिमला का वाटर कैचमेंट क्षेत्र शहर की जल सुरक्षा, पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता का महत्वपूर्ण आधार है। जंगल वर्षा और बर्फ के पानी को रोककर उसे धीरे-धीरे जमीन तक पहुंचाने में मदद करते हैं, जिससे प्राकृतिक जलस्रोतों और चश्मों का पुनर्भरण होता है।
मंत्री शुक्रवार को वन्यजीव सप्ताह समारोह-2026 के तहत वाटर कैचमेंट सैंक्चुरी ढल्ली में आयोजित उद्घाटन समारोह और स्वच्छता अभियान में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन हिमाचल प्रदेश वन विभाग के वन्यजीव विंग ने किया। इस वर्ष वन्यजीव सप्ताह का संदेश वन्यजीवों के आवासों के संरक्षण के माध्यम से स्वास्थ्य और आजीविका को सुरक्षित रखने पर केंद्रित है।
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि बच्चों को यह समझना जरूरी है कि पानी केवल नल या बोरवेल से नहीं आता। इसके पीछे पूरी प्राकृतिक प्रक्रिया और पारिस्थितिकी तंत्र काम करता है। शिमला के कैचमेंट क्षेत्र का इतिहास भी जल संरक्षण से जुड़ा है। ब्रिटिश काल में शिमला की बढ़ती आबादी की जल जरूरत को देखते हुए इस क्षेत्र को कैचमेंट के रूप में विकसित किया गया था।
उन्होंने कहा कि जंगल और जलस्रोतों का संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। जंगल में प्राकृतिक रूप से गिरे पेड़ और जैविक अवशेष कई जीव-जंतुओं, कीट-पतंगों और सूक्ष्मजीवों को भोजन व आवास देते हैं और मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने में मदद करते हैं। उन्होंने घास और झाड़ियों को काटकर जलाने की प्रवृत्ति कम करने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण वन्यजीवों के लिए गंभीर खतरा है। कई बार पशु-पक्षी प्लास्टिक को भोजन समझकर खा लेते हैं। उन्होंने कैचमेंट क्षेत्र में प्लास्टिक बोतलों को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा राशि व्यवस्था की सराहना की और अन्य वन एवं वन्यजीव क्षेत्रों में भी ऐसी व्यवस्था की संभावनाएं तलाशने को कहा।
उन्होंने कैचमेंट क्षेत्र के ट्रेल्स को चरणबद्ध तरीके से प्रकृति पर्यटन के लिए विकसित करने, प्रवेश-निकासी पर टिकट काउंटर और कंप्यूटरीकृत व्यवस्था बनाने का सुझाव दिया। पेड़-पौधों की जानकारी क्यूआर कोड से देने तथा प्रवेश स्थल पर क्षेत्र के इतिहास और जलस्रोतों की जानकारी वाला सूचना पट्ट लगाने की बात भी कही।

