Haryana

टीबी उन्मूलन अभियान से जुड़ेंगे युवा और स्वयंसेवक, जोश टीमों का शुभारंभ

नूंह, 08 अक्टूबर । भारत सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिला नूंह में जोश (स्वास्थ्य के लिए संयुक्त दल) टीमों के जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को जिला टीबी केंद्र मंडीखेड़ा में किया गया। कार्यक्रम में जिला टीबी अधिकारी डॉ. गौरव भाटी, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की टीम के सदस्य, टीबी से स्वस्थ हुए व्यक्ति तथा माई भारत स्वयंसेवक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान टीबी से स्वस्थ होकर सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे टीबी विजेताओं को अभियान में उनके योगदान एवं सहभागिता के लिए प्रशंसा प्रमाण-पत्र और फूड बास्केट किट देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को टीबी के लक्षणों, बचाव के उपायों, समय पर जांच तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पूरा उपचार लेने के महत्व की जानकारी दी गई।

जोश टीम के सदस्यों एवं माई भारत स्वयंसेवकों को टीबी मुक्त भारत ऐप के उपयोग, स्वयंसेवी गतिविधियों और रिपोर्टिंग प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। स्वयंसेवकों को अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करने तथा संभावित मरीजों को जांच और उपचार के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

जिला टीबी अधिकारी डॉ. गौरव भाटी ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समुदाय, युवाओं, स्वयंसेवकों और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं स्वयंसेवकों को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़कर जिले में जागरूकता बढ़ाना, संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित करना रहा।