डायमंड हार व कस्टम ड्यूटी के नाम पर लाखों की ठगी, सहारनपुर से दबोचा आरोपी
फतेहाबाद, 08 अक्टूबर । डायमंड का हार भेजने और कस्टम ड्यूटी के नाम पर छह लाख 100 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद पुलिस ने यूपी के सहारनपुर से तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। गुरूवार को इस बारे में जानकारी देते हुए थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि पकड़े गए तीसरे आरोपी की पहचान सहारनपुर जिले के गांव अम्बेहटा शेखां निवासी अश्विनी सिंह के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपी के पास से ठगी की राशि में से 10 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। थाना प्रभारी ने बताया कि गांव भट्टू कलां निवासी राजेन्द्र ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार, मई 2026 में उनकी बेटी के व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद का नाम रवि बताया और कहा कि वह भारत आ रहा है और उसने उसके लिए एक कीमती डायमंड का हार पार्सल से भेजा है। इसके बाद ठगों के गिरोह ने भारत आने की अनुमति, कस्टम ड्यूटी, एयरपोर्ट क्लीयरेंस और पार्सल छुड़वाने का झांसा देकर पीड़ित परिवार से अलग-अलग किस्तों में रुपये मांगना शुरू कर दिया। ठगों के झांसे में आकर पीड़ित ने दिए गए क्यूआर कोड और बैंक खातों में कुल 6छह लाख 100 रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब ठगों ने फिर से और पैसों की मांग की, तब परिवार को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद में 26 जून को मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं और वित्तीय कडिय़ों की गहनता से जांच की जा रही है।


