Rajasthan

फैमिली कोर्ट की दयनीय स्थिति को लेकर प्रभावी जवाब पेश नहीं, मुख्य सचिव पर 50 हजार का हर्जाना

जयपुर, 24 नवंबर । राजस्थान हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट में संसाधनों के अभाव से जुडे मामले में छह साल पहले दिए आदेश की पालना ने ठोस जवाब पेश नहीं करने पर नाराजगी जताई है। इसके साथ ही अदालत ने मामले में मुख्य सचिव पर पचास हजार रुपए का हर्जाना लगाया है। सीजे संजय के. अग्रवाल की खंडपीठ ने यह आदेश जागो जनता सोसायटी की ओर से साल 2011 में दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए दिए।

सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि हाईकोर्ट ने 29 अगस्त, 2019 को राज्य सरकार को निर्देश दिए थे। जिसमें कहा गया था कि राज्य सरकार फैमिली कोर्ट में न्यायिक कक्षों की उपलब्धता, पेयजल, शौचालय, रिकॉर्ड रूम, फोटोकॉपी जैसे सुविधा के लिए नवीनतम स्टेट्ट रिपोर्ट पेश करे। इसके साथ ही अदालत ने इन सुविधाओं का सारणीबद्ध विवरण छह सप्ताह में दायर करने को कहा था। अदालत ने कहा कि छह साल बीतने के बाद अभी इस इस संबंध में कोई ठोस जवाब पेश नहीं किया गया है। ऐसे में मुख्य सचिव पर हर्जाना लगाना उचित है।

याचिका में कहा गया कि साल 1986 में शहर में पहला फैमिली कोर्ट खुला था। तीन दशक बीतने के बाद भी यहां सुविधाओं का अभाव है। यहां आने वाली महिलाओं और बच्चों के लिए बैठने की व्यवस्था और कैंटीन व टॉयलेट की सुविधाओं का भी अभाव है। गौरतलब है कि मामले की सुनवाई के दौरान 20 जुलाई, 2018 को तत्कालीन मुख्य सचिव ने अदालत में पेश होकर कोर्ट को आश्वस्त किया था कि फैमिली कोर्ट में अगले दो माह में सुविधाएं मुहैया करा दी जाएगी।