MP

मध्य प्रदेश के पहले ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में शुरू होगी जंगल सफारी, स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार

बैतूल, 21 नवंबर । मध्य प्रदेश के पहले ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में अब जंगल सफारी के माध्यम से पर्यटक यहां की समृद्ध जैव विविधता, प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों को करीब से देख सकेंगे। इस दिशा में शनिवार को महुपानी में सफारी गेट, टिकट काउंटर एवं पर्यटन संबंधी बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों पर 42 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बैतूल हेमंत खंडेलवाल ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में पहली बार जनप्रतिनिधियों , अधिकारियों और बच्चों ने जंगल सफारी कर क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर बताया गया कि ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व के जंगलों में वन्यजीवों और पक्षियों की विविध प्रजातियां मौजूद हैं। धावड़ा, गौनीघाट, कोलूढाना, धावड़ाखार एवं आसपास के वन क्षेत्रों में लगभग 25 किलोमीटर तक सफारी के दौरान घोड़ीदेव व्यू पॉइंट सहित विभिन्न प्राकृतिक स्थलों का अवलोकन किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा कि ताप्ती से लेकर महुपानी , चिखली और आसपास का पूरा वन क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य एवं जैव विविधता से समृद्ध है। यहां हिरण, सांभर, लोमड़ी सहित अनेक वन्यजीवों और विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को देखने का अवसर मिलेगा। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार इस क्षेत्र में पक्षियों की अनेक प्रजातियां पाई जाती हैं, जो पक्षी प्रेमियों और प्रकृति पर्यटन में रुचि रखने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकती हैं।

27 स्थानीय युवाओं को गाइड का प्रशिक्षण, जिप्सी से शुरू होगी सफारी

खंडेलवाल ने कहा कि ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में पर्यटन गतिविधियों के संचालन के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की विशेष पहल की जा रही है। वन विभाग द्वारा आसपास के गांवों के 27 युवाओं को जंगल सफारी के लिए गाइड के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षित युवा पर्यटकों को जंगल की जैव विविधता, वन्यजीवों, पक्षियों और प्राकृतिक स्थलों की जानकारी देंगे। इससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर नियमित आय का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही युवाओं को जिप्सी संचालन एवं ड्राइविंग का प्रशिक्षण देकर सफारी गतिविधियों में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सफारी का संचालन स्थानीय समिति के माध्यम से किया जाएगा, जिससे जिप्सी चालकों और समिति के सदस्यों को भी आर्थिक लाभ मिल सकेगा। खंडेलवाल ने अपनी ओर से एक जिप्सी भी समिति को उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शुरुआत में जिप्सी खरीदने के इच्छुक स्थानीय लोगों को आर्थिक सहयोग एवं ऋण की सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवार पर्यटन गतिविधियों से जुड़ सकें।

पर्यटन के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए क्षेत्र के जनजातीय परिवारों को समूहों में संगठित कर सुरक्षित एवं सुविधायुक्त होमस्टे विकसित किए जाएंगे। इससे बाहर से आने वाले पर्यटक स्थानीय परिवेश और जनजातीय जीवनशैली का अनुभव कर सकेंगे तथा ग्रामीण परिवारों को आवास एवं अन्य पर्यटन सुविधाओं के माध्यम से आय प्राप्त होगी। खंडेलवाल ने कहा कि पर्यटन का लाभ सीधे स्थानीय लोगों तक पहुंचना चाहिए। कोई गाइड बने, कोई जिप्सी चलाए, कोई होमस्टे संचालित करे और कोई अन्य पर्यटन सेवा से जुड़े, इस तरह क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर विकसित किए जाएंगे।

ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में पर्यटन के नए आकर्षण विकसित करने की भी योजना है। इसके तहत दो स्थानों पर बटरफ्लाई पार्क विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। लगभग दो से तीन एकड़ क्षेत्र में तितलियों के अनुकूल प्राकृतिक वातावरण तैयार करने की योजना है। इसके अलावा बोरनाला एवं गौनीघाट में डोम विकसित करने के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। घास के मैदानों और विभिन्न व्यू पॉइंट्स को भी विकसित किया जाएगा, ताकि पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों को नजदीक से देख सकें।

खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व के विकास एवं बटरफ्लाई पार्क के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की गई है। वन विभाग और पर्यटन विभाग को कर्नाटक की तर्ज पर आपसी समन्वय से व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार कर पर्यटन सुविधाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए गए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा कि स्थानीय युवाओं को पर्यटन के साथ अन्य क्षेत्रों में भी रोजगार के योग्य बनाने के लिए नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ करने की पहल की जा रही है। इसके अंतर्गत ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं को गाइड, ड्राइविंग, वेल्डिंग, इलेक्ट्रिशियन और कंप्यूटर जैसे रोजगारपरक कौशलों का प्रशिक्षण देने की योजना है। प्रत्येक गांव से पांच से दस युवाओं को प्रशिक्षण से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि वे स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार कर सकें अथवा अन्य स्थानों पर रोजगार प्राप्त कर सकें।

खंडेलवाल ने कहा कि ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व का विकास केवल पर्यटन स्थल के रूप में नहीं , बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका और रोजगार के केंद्र के रूप में किया जाना चाहिए। नागपुर, भोपाल, इंदौर और खंडवा मार्गों पर सड़क संपर्क सुविधाओं के विस्तार से भविष्य में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की संभावनाएं हैं। ऐसे में ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व बैतूल जिले के पर्यटन विकास को नई दिशा दे सकता है।

इस अवसर पर भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, वन संरक्षक मधु वी. राज, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना, डीएफओ अरिहंत कोचर, डीएफओ लक्ष्मीकांत वासनिक सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।