Punjab

अमृतपाल सिंह के अमृतसर पहुंचने से पहले कड़े इंतजाम, हवाई अड्डे से जल्लूपुर खेड़ा तक 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती

चंडीगढ़, 21 नवंबर । खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल के अमृतसर आने तथा वापस जाने के दौरान पुलिस विभाग की सांसें फूली रही। अमृतसर हवाई अड्डे से लेकर गांव जल्लूपुर खेड़ा तक करीब एक हजार पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया था। गांव जल्लूपुर खेड़ा में अमृतपाल के पैतृक घर तथा अंतिम संस्कार वाले स्थान को भी पुलिस ने बैरीकेडिंग के साथ घेरा हुआ था।

गांव जल्लूपुर खेड़ा में घरों की छतों पर भी दूरबीन व हथियारों से लैस पुलिस बल तैनात था। पुलिस की तरफ से गांव में जाने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी करके लोगों की जांच की गई। यही नहीं पुलिस की तरफ से गांव से खेत तक आने के लिए भी रूट प्लान जारी किया गया था। पंजाब पुलिस द्वारा सीआईएसएफ को लिखे गए पत्र के अनुसार अमृतपाल सिंह को ‘हाई रिस्क कैदी’ की श्रेणी में रखते हुए डिब्रूगढ़, दिल्ली और अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए।

अमृतपाल समर्थकों की तरफ से गांव के भीतर तथा बाहर लंगर का प्रबंध किया गया था। यही नहीं, वारिस पंजाब दे पार्टी के वालंटियर बाहर से आने वाले लोगों की मदद के लिए तैनात किए गए थे।

यह कार्यक्रम भले एक शोक सभा का था लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे वारिस पंजाब दे पार्टी की राजनीतिक सभा करार दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम में अमृतपाल के प्रभाव वाले क्षेत्रों से जहां आम जनता पहुंची वहीं पार्टी के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस संस्कार कार्यक्रम में मानसा में मारे गए एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह भी पहुंचे और उन्होंने बंदी सिखों की रिहाई की मांग उठाई।