केसीसी कार्ड पर लोन देने के बदले रिश्वत लेने वाले बैंक के सीनियर मैनेजर को सजा
जयपुर, 11 नवंबर । एसीबी मामलों की विशेष अदालत क्रम-2 ने किसान क्रेडिट कार्ड से लोन देने की एवज में किसान से रिश्वत लेने वाले दौसा के मानपुर स्थित यूको बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक रामचन्द्र मीणा को तीन साल की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अदालत ने अभियुक्त पर बीस हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक मंजुला जैन ने अदालत को बताया की सिकराय निवासी किसान विवेक राज मीणा ने 5 अप्रैल, 2021 को एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें कहा गया कि उसने किसान क्रेडिट कार्ड से अस्सी हजार रुपए का लोन लिया था। उसे 22 मार्च को सत्तर हजार रुपए की दिए और अनेक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए। वहीं यूको बैंक के तत्कालीन वरिष्ठ प्रबंधक रामचन्द्र मीणा ने छह हजार रुपये रिश्वत देने पर ही शेष दस हजार रुपये रिलीज करने की बात कही। एसीबी ने रिश्वत की मांग का सत्यापन कर हेड कैशियर को पांच हजार रुपए लेते हुए एवं अभियुक्त वरिष्ठ प्रबंधक को गिरफ्तार किया। मामले में बैंक के तत्कालीन महाप्रबंधक ने अक्टूबर, 2021 को अभियुक्त के खिलाफ अभियोजन स्वीकृति जारी की थी। वहीं 3 मार्च, 2022 को एसीबी ने विशेष अदालत में आरोप पत्र पेश किया था।


