हिमालयी जड़ी-बूटियों से साबुन बनाकर आत्मनिर्भरता की राह पर हल्द्वानी की नंदिनी
हल्द्वानी, 11 नवंबर । उत्तराखंड में युवा उद्यमी स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक ज्ञान को स्वरोजगार का माध्यम बना रहे हैं। हल्द्वानी की बीएससी बायोटेक्नोलॉजी की छात्रा नंदिनी ने हिमालयी जड़ी-बूटियों और प्राकृतिक सामग्री से हस्तनिर्मित साबुन तैयार करने का उद्यम शुरू कर इस दिशा में पहल की है।
नंदिनी ने ‘हिमालयन त्वचा’ नाम से अपना उद्यम शुरू किया है। इसके तहत बुरांश, सी-बकथॉर्न, केसुड़ा, नीम, एलोवेरा, मिक्स फ्रूट और गोट मिल्क जैसे विभिन्न प्रकार के साबुन तैयार किए जा रहे हैं। इनमें कैस्टर ऑयल, नारियल तेल, शीया बटर और कोकोआ बटर जैसे घटकों का इस्तेमाल किया जाता है। साबुन सैपोनिफिकेशन प्रक्रिया से तैयार किए जाते हैं।
उनके उत्पादों की खासियत पर्यावरण अनुकूल पैकेजिंग भी है। साबुन को पौधों की पत्तियों में लपेटकर जूट की रस्सी से बांधा जाता है। इससे उत्पादों की प्रस्तुति में स्थानीय परंपरा और प्राकृतिक सामग्री का समावेश दिखाई देता है।
नंदिनी का कहना है कि हिमालय उनके लिए केवल व्यवसाय का माध्यम नहीं, बल्कि स्थानीय जड़ों और पारंपरिक ज्ञान से जुड़ाव का प्रतीक है। वह स्थानीय जड़ी-बूटियों के पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक उद्यमिता से जोड़कर उत्तराखंड की प्राकृतिक विरासत को नए बाजार तक पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं।
नंदिनी के अनुसार, राज्य सरकार के प्रयासों से उन्हें सरस मेले सहित विभिन्न मेलों में उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए स्टॉल उपलब्ध हो रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से उनके उत्पादों को नए ग्राहकों तक पहुंचाने और कारोबार को आगे बढ़ाने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमियों को मंच उपलब्ध कराने की सरकारी पहल से उन्हें अपने सपनों को आगे बढ़ाने में सहयोग मिल रहा है।
नंदिनी की यह पहल स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक ज्ञान और युवा उद्यमिता के समन्वय से स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने का उदाहरण है।


