Sports

तीरंदाजी प्रीमियर लीग का उद्घाटन सत्र 2 अक्टूबर से, लीग का लोगो लॉन्च

भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने कहा, “हम इस ऐतिहासिक आयोजन की मेजबानी करते हुए गर्व महसूस कर रहे हैं। यह लीग न केवल राष्ट्रीय बल्कि वैश्विक स्तर पर भी तीरंदाजी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। तारीखों का चयन खिलाड़ियों के शेड्यूल, उनके कार्यभार और दिल्ली के मौसम को ध्यान में रखकर किया गया है। इस लीग के जरिए हम विश्वस्तरीय प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ-साथ भारत की समृद्ध तीरंदाजी विरासत को भी प्रदर्शित करेंगे।”

संघ के महासचिव वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “नई दिल्ली में आर्चरी प्रीमियर लीग की मेजबानी हमारे लिए गर्व की बात है। इसका गतिशील प्रारूप और समावेशी दृष्टिकोण रिकर्व और कंपाउंड तीरंदाजी दोनों को अप्रत्याशित दृश्यता प्रदान करेगा। हम अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का स्वागत करने को उत्साहित हैं और दर्शकों को एक रोमांचक एवं सांस्कृतिक रूप से जुड़ा अनुभव देने के लिए तैयार हैं।”

इस टूर्नामेंट में पहली बार टीम-आधारित प्रारूप देखने को मिलेगा। इसमें कुल छह फ्रेंचाइजी होंगी, जिनमें 36 भारतीय और 12 अंतरराष्ट्रीय शीर्ष तीरंदाज शामिल होंगे। फ्रेंचाइजियों से जुड़ी जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी।