Haryana

फतेहाबाद में क्रेडिट कार्ड बंद करने के नाम पर साइबर ठगी

पुलिस को दी शिकायत में गांव किरढ़ान निवासी सुरेश कुमार ने कहा है कि वह फर्नीचर का काम करता है और उसके पास स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का क्रेडिट कार्ड है। 20 अगस्त को उसके मोबाइल पर कॉल आई कि अगर उसने अपना क्रेडिट कार्ड बंद करवाना है, तो वह फोन कॉल के माध्यम से अपना क्रेडिट कार्ड बंद करवा सकता है। इस पर उसने क्रेडिट कार्ड बंद करने के लिए हां कर दी। सुरेश ने बताया कि इसके बाद उससे क्रेडिट कार्ड बंद करने के लिए ओटीपी पूछा। जैसे ही उसने ओटीपी बताया कि उसके क्रेडिट कार्ड से अलग-अलग ट्रांजेक्शन से कुल 58 हजार रुपये कट गए। इस पर उसे अपने साथ हुए फ्रॉड का पता चला और उसने इस बारे में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में अब साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।