दादरी से लापता तीन किशोर पटना से बरामद
दादरी थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने गुरुवार काे बताया कि ग्राम आमका के रहने वाले अमरपाल ने रिपाेर्ट दर्ज कराई थी कि 9 सितंबर को उनका बेटा रोहन(10), उनके पड़ोसी ललन का बेटा सूरज (14) और अवनीश का बेटा धीरज (12) घर से बिना बताए कहीं चले गए थे। ये लोग गांव की चौपाल पर खेल रहे थे, उसके बाद लापता हो गए थे। पिता के अनुसार उनका बेटा रोहन घर से एक हजार रुपये गुल्लक से निकाल कर ले गया था। इस संबंध में पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कराते हुए पुलिस टीम बच्चाें की तलाश में जुट गई। जांच और तलाश के आधार पर लापता तीनों बच्चों काे बिहार के जनपद पटना से सकुशल बरामद कर लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों बच्चे पूछताछ में बताया कि वे अपने घर वालों से किसी बात को लेकर नाराज थे, जिसके चलते वे ट्रेन से पटना चले गए थे। नोएडा पुलिस ने उन्हें वहां पर चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सामने पेश किया है। पुलिस आज शाम को बच्चों को पटना से दादरी के लिए लेकर रवाना होगी और शुक्रवार सुबह तक बच्चे दादरी पहुंच जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस मामले की खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थी। पुलिस के आलाधिकारियों ने बच्चों को सकुशल बरामद करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

