Himachal Pradesh

आपदा के बीच सीएम सुक्खू के लंदन जाने पर राजेंद्र राणा ने उठाए सवाल

राजेंद्र राणा ने वीरवार 11:40 बजे की फ्लाइट से मुख्यमंत्री के लंदन रवाना होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह पूरा घटनाक्रम अपने आप में रहस्यमयी है। न तो कोई आधिकारिक सरकारी टूर घोषित हुआ, न ही राहत कार्यों की जिम्मेदारी स्पष्ट हुई। ऐसे में मुख्यमंत्री का अचानक विदेश निकल जाना, आपदा की घड़ी में प्रदेश को पीठ दिखाना और जनता को बेसहारा छोड़ देना, उनकी संवेदनहीनता को उजागर करता है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आखिर मुख्यमंत्री सुक्खू को यह चुपचाप विदेश जाने की सलाह कहीं राहुल गांधी ने तो नहीं दी? क्योंकि कांग्रेस नेता खुद भी चाहे संसद सत्र चल रहा हो या देश में किसी अहम मुद्दे पर बहस हो, तब विदेश निकल जाते हैं।

राजेंद्र राणा ने चुटकी लेते हुए पूछा कि सुक्खू ने क्या वही राहुल गांधी वाला फॉर्मूला अपनाया है? राजेंद्र राणा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार घोटाले सामने आ रहे हैं और सीबीआई सहित कई जांच एजेंसियां सक्रिय हो चुकी हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री का विदेश जाना कहीं जांचों और जवाबदेही से बचने की कोशिश तो नहीं है या इसके पीछे कोई और रहस्य है?

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और कांग्रेस सरकार का यह रवैया न केवल सवाल खड़े कर रहा है बल्कि प्रदेश की जनता को आहत भी कर रहा है।