UP

(अपडेट) कोर्ट का फैसला आने से पहले हिस्ट्रीशीटर ने गोली मारकर की खुदकुशी

बल्दीराय क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि कूरेभार थाना क्षेत्र के गलिबहा गांव में निवासी हिस्ट्रीशीटर दुर्गेश सिंह ऊर्फ मोनू (38) ने अपने कमरे में अवैध असलहे से सीने में गोली मार ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। क्षत विक्षत शव के पास ही पुलिस ने छानबीन के दौरान एक तमंचा बरामद किया।

सीओ ने बताया कि दुर्गेश सिंह कूरेभार थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके सीने में गोली लगी है। ज्ञातव्य हो कि जिले के एलआईसी शाखा कादीपुर में एक सितंबर 2008 को दिन-दहाड़े डकैती हुई थी। असलहों से लैस बदमाश शाखा के गेट पर खड़े सुरक्षा गार्ड सत्य प्रकाश तिवारी की कनपटी पर रिवाल्वर सटाकर उसकी बंदूक छीन ली और शाखा के अंदर घुस गए थे। बदमाश शाखा से कुल 13 लाख 15 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।