Himachal Pradesh

सड़के खुलने के बाद होंगे पंचायती राज चुनाव, जल्द बनेगा कांग्रेस संगठन : सीएम सुक्खू

मुख्यमंत्री गुरूवार को शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि आपदा प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए 10 नवम्बर को मंडी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रभावित परिवारों को आवास निर्माण के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली किस्त के रूप में चार लाख रुपये दिए जाएंगे, जबकि कुल सात लाख रुपये की सहायता सरकार की ओर से उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावितों की मदद सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में तेजी से कदम उठाए जा रहे हैं।

करीब एक साल से भंग पड़े कांग्रेस संगठन को लेकर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि संगठन का गठन अब अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि आगामी कुछ ही दिनों में पूरी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी और जल्द ही हिमाचल में कांग्रेस संगठन का पुनर्गठन हो जाएगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जायका) की सहायता से हिमाचल में 1422 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य परियोजना को मंजूरी मिली है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश सरकार की पहल का परिणाम है, न कि भाजपा की किसी कोशिश का। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेता इस परियोजना का झूठा श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि जायका में हिमाचल का 28 फीसदी हिस्सा है और यह परियोजना जापान की वित्तीय सहायता से स्वीकृत हुई है।

उन्होंने विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने पांच साल के कार्यकाल में वे प्रदेश के लिए कोई ठोस काम नहीं कर पाए। सुक्खू ने कहा कि यदि जय राम ठाकुर वित्तीय मामलों को समझते, तो हिमाचल की आर्थिक स्थिति इतनी खराब नहीं होती। उन्होंने कहा कि जय राम ठाकुर को चाहिए कि वे बताएं कि अगर यह परियोजना केंद्र की है, तो इसका स्वीकृति पत्र कहाँ है।

भाजपा विधायक हंस राज पर लगे आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाएगी। उन्होंने बताया कि लड़की ने एक साल पहले भी इस संबंध में शिकायत की थी और बाद में उसने माफ़ी मांगी थी। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच करेगी और तथ्यों के आधार पर ही कार्रवाई होगी।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि कांग्रेस सरकार प्रदेश में पारदर्शी और जवाबदेह शासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विपक्ष बेवजह भ्रम फैलाने में लगा है, लेकिन सरकार जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हुए अपने वादे पूरे कर रही है।