राष्ट्र विरोधी लोगों में शामिल हैं डॉ एसटी हसन : डॉ. राजकमल गुप्ता
मुरादाबाद, 7 नवंबर । विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राजकमल गुप्ता ने समाजवादी संसदीय दल के पूर्व नेता व पूर्व सांसद डॉ एसटी हसन के द्वारा राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम को लेकर दिए विवादित बयान की कड़ी निंदा की है। उन्हाेंने कहा कि पूर्व सांसद का बयान साफ-साफ कट्टरता प्रदर्शित करता है। वह इस जमीन का अन्न खाएंगे, यहां का पानी पियेंगे लेकिन भारत माता की जय नहीं कहेंगे। डॉ. राजकमल गुप्ता ने कहा कि पूर्व सांसद अक्सर इस तरह के बेतुके बयान देकर मीडिया में हाईलाईट रहना चाहते है। पूर्व सांसद राष्ट्रविरोधी लोगों में शामिल है।
बताते चलें कि पूर्व सांसद ने शुक्रवार को एक मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में कहा कि मुसलमानों को अल्लाह के अलावा किसी और की इबादत हरगिज मंजूर नहीं है, इसलिए मुसलमान वंदे मातरम् नहीं गाएंगे। वंदेमातरम् को लेकर इतनी पुरानी कन्ट्रोवर्सी है। ये सौ साल से चली आ रही है। लेकिन इसी वक्त इसे क्यों उठाया जब बिहार का इलेक्शन है। देश में हिंदू मुस्लिम कौन कर रहा है, यह बात सभी को पता है। सरकार को कम से कम अब तो हिंदू मुस्लिम सियासत से बाज आना चाहिए।

