हत्या मामले में वांछित अपराधी गिरफ्तार, कई राज्यों में ठिकाना बदलकर पुलिस को दे रहा था चकमा
उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त राजा बंथिया ने शुक्रवार काे बताया कि चार जुलाई की शाम शास्त्री नगर के एल-236 घर के सामने चाकू से हमला किए जाने की पीसीआर कॉल मिली थी। घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में मृतक की पहचान बसईदारापुर निवासीअमित कुमार (39) के रूप में हुई। स्थानीय पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार तकनीकी निगरानी से पुलिस ने अगले ही दिन यानी पांच जुलाई को दो आरोपित अभय गुप्ता उर्फ अक्कू उर्फ शायर (21) और यश कुमार उर्फ बाबू (22 को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में पता चला कि शास्त्री नगर में दो गुटों में विवाद हुआ था। मृतक अमित एक पक्ष का समर्थन करने पहुंचा था, तभी आरोपिताें ने उसे चाकू मार दिया।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपित को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम बनाई गई। जिसमें एसआई विजय मान, पंचम, एएसआई पुष्कर और हेडकांस्टेबल रामबाबू शामिल थे। टीम ने परिजनों और दोस्तों के सीडीआर खंगाले, मुखबिर तैनात किए और लगातार लोकेशन ट्रैक की।इस बीच पुलिस को पता चला कि रिजवान हरिद्वार, राजस्थान, दिल्ली और कई जगह बार-बार ठिकाना बदल रहा है। आखिरकार पुलिस ने उसे बुराड़ी में किराए के मकान में दबिश देकर दबोच लिया। पूछताछ में रिजवान ने बताया कि घटना से दो दिन पहले (2 जुलाई) उसका और उसके दोस्तों का हर्ष नामक युवक से झगड़ा हुआ था। चार जुलाई की रात जब वे बीघा पार्क के पास घूम रहे थे, तभी हर्ष के पिता अजय और उसका दोस्त राहुल मिले और दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। उसी दौरान मृतक अमित बीच-बचाव करने पहुंचा, लेकिन आरोपितों ने समझा कि वे बदला लेने आए हैं। तभी आरोपित रोहन ने चाकू निकाला और अभय को दे दिया। जिसने अमित के पेट में वार कर दिया। वारदात के बाद चारों मौके से फरार हो गए। घटना के बाद रिज़वान हरिद्वार भाग गया और अपनी लोकेशन लगातार बदलता रहा। फिलहाल पुलिस अब फरार आरोपित रोहन की तलाश कर रही है और वारदात में इस्तेमाल चाकू की बरामदगी की कोशिश कर रही हैं।

