मौसम में थोडा बदलाव, बादल छाने से सर्दी से हल्की राहत
कड़ाके की सर्दी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी के कारण से सर्दी कम हो गई है। सीकर, फलोदी, चूरू में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई। मौसम विशेषज्ञों ने राज्य में अगले एक-दो दिन इसी तरह का तापमान रहने और राज्य में कोल्ड-वेव से राहत रहने की संभावना जताई है। जबकि अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान रविवार को सबसे कम तापमान फतेहपुर में 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। फतेहपुर के अलावा लूणकरणसर और माउंट आबू (सिरोही) ऐसे शहर रहे, जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम केन्द्र जयपुर के मुताबिक राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पश्चिमी जिलों में सोमवार को भी रहने की संभावना है। इस दौरान यहां आसमान में ऊंचाई पर हल्के बादल छा सकते है। जबकि शेष राज्य में मौसम बिल्कुल शुष्क रहेगा, शीत लहर से राहत की संभावना है और शेखावाटी समेत पूर्वी राजस्थान के जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज होगा।

