Himachal Pradesh

शिमला में चिट्टे के साथ धरा पंजाब का युवक

शिमला, 12 जनवरी । राजधानी शिमला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शहर के व्यस्त इलाके ऑकलैंड टनल के पास पुलिस ने एक कार से भारी मात्रा में चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को स्पेशल सेल शिमला के एएसआई पुनीत पुलिस टीम के साथ लक्कड़ बाजार से संजौली की ओर ऑकलैंड टनल क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि लक्कड़ बाजार से संजौली की तरफ आ रही एक कार में चिट्टा हो सकता है। सूचना में कार नंबर डीएल-8सीएएफ-3130 (शेवरलेट) और चालक की पहचान भी बताई गई।

सूचना के आधार पर पुलिस ने बताए गए स्थान पर नाका लगाकर कार को रोका। कार की तलाशी स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ली गई। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से 20.880 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया। कार चला रहे युवक की पहचान 26 वर्षीय अरशदीप सिंह पुत्र अमरजीत सिंह, निवासी जिला फिरोजपुर, पंजाब के रूप में सामने आया।

पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और नशीले पदार्थ के साथ इस्तेमाल की जा रही कार को भी कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से नशे के स्रोत और नेटवर्क को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।

इस मामले में थाना संजौली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।