Uttarakhand

अवैध लकड़ी से लदा ट्रक सीज, चालक गिरफ्तार

पौड़ी गढ़वाल, 16 फ़रवरी । सतपुली पुलिस ने अवैध रूप से लकड़ी ले रहे एक ट्रक को सीज कर किया है साथ ही चालक को गिरफ्तार किया है। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशों के क्रम में जनपद में पुलिस टीमों द्वारा निरंतर एवं सुनियोजित सघन चेकिंग अभियान संचालित करते हुए नियमित सांयकालीन एवं रात्रिकालीन वाहन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच एवं परिवहन साधनों की गहन तलाशी की जा रही है।

एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने बताया कि बीती रविवार की देर शाम को थाना सतपुली पुलिस टीम द्वारा की जा रही सघन एवं प्रभावी वाहन चेकिंग के दौरान एक ट्रक को रोककर विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान उक्त वाहन लकड़ी से लदा हुआ पाया गया। वाहन चालक से परिवहन की जा रही लकड़ी के संबंध में वैध पत्र और विभागीय अनुमति देने हेतु कहा गया, लेकिन चालक द्वारा कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।

प्रथम दृष्टया लकड़ी का परिवहन अवैध पाए जाने पर पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए लकड़ी से लदे ट्रक को सीज किया गया और चालक हसन अली (उम्र 55 वर्ष) पुत्र सिद्धीक अहमद, निवासी- रुड़की, जिला हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सतपुली पंकज कुमार, मुख्य आरक्षी राजवीर सिंह, होमगार्ड देवेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।