UP

कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम

बरेली, 17 फरवरी । न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलवार को पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। एसपी सिटी मानुष पारीक के नेतृत्व में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसमें सीओ सिटी फर्स्ट आशुतोष शिवम सहित पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान कोर्ट के अंदर और बाहर हर सुरक्षा बिंदु की बारीकी से जांच की गई।

सुरक्षा अभियान के तहत डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता, पीएसी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि न्यायालय परिसर जैसे संवेदनशील स्थल पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कंट्रोल रूम की मॉनिटरिंग व्यवस्था परखी गई। लगेज चेकिंग प्वाइंट पर तैनात कर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। हवालात, पार्किंग स्थल और प्रवेश द्वारों की सुरक्षा भी जांची गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सख्ती के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। परिसर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने पर सहमति बनी। एसपी सिटी मानुष पारीक ने कहा कि वकीलों, न्यायिक कर्मचारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए समय-समय पर औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।