मुरादाबाद : 112 परीक्षा केंद्रों पर आनलाइन निगरानी में शुरू हुई यूपी बोर्ड परीक्षा
मुरादाबाद, 18 फरवरी । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के तत्वावधान में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा मुरादाबाद जनपद में 112 परीक्षा केंद्रों पर सकुशल व शांतिपूर्ण शुरू हो गई। जिला विद्यालय निरीक्षक के अनुसार कंट्रोल रुम से परीक्षाओं की आनलाइन निगरानी की जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक देवेन्द्र कुमार पांडेय ने बताया कि जिले में 75,760 परीक्षार्थी हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में पंजीकृत हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने आगे बताया कि दसवीं में 39,560 और बारहवीं में 36,200 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगें। परीक्षाओं की निगरानी के लिए 5 जोनल मजिस्ट्रेट, 6 सचल दल, 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 10 रात्रिकालीन निगरानी दल, 112 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 112-112 केन्द्र व वाह्य केन्द्र व्यवस्थापक, 1 संकलन केंद्र और 3 उप संकलन केंद्र बनाए गए है।

