MP

दो सिस्टम और वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बदलेगा मप्र का मौसम, 22 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

भोपाल, 18 फरवरी । मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। प्रदेश के 22 जिलों में बुधवार को आंधी, बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है। इनमें इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन समेत कई जिले शामिल हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हैं, जिनके कारण अधिकतर जिलों में मौसम का असर दिखाई देगा। मंगलवार रात रतलाम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को भी ग्वालियर-चंबल अंचल में बारिश की संभावना जताई गई है।

बुधवार को जिन जिलों में बारिश के आसार हैं, उनमें इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, धार, आलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, शाजापुर, राजगढ़, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर शामिल हैं। वहीं भोपाल, बड़वानी, खरगोन, देवास, सीहोर, विदिशा, सागर, दमोह, पन्ना और सतना में बादल छाए रहने की संभावना है। गुरुवार को भी ग्वालियर, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद सिस्टम कमजोर पड़ जाएगा और किसी भी जिले में बारिश या गरज-चमक का अलर्ट नहीं रहेगा।

रात में हल्की सर्दी बरकरार

प्रदेश में फिलहाल हल्की सर्दी का असर बना रहेगा। रात और सुबह के समय ठंड महसूस होगी। अधिकांश शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहेगा, जबकि दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। 18 फरवरी को 22 जिलों में बारिश, गरज-चमक और कहीं-कहीं आंधी की संभावना। रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। 19 फरवरी को ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के कुछ जिलों में सिस्टम का प्रभाव जारी रहेगा।

करौंदी रहा सबसे ठंडा

नए सिस्टम के सक्रिय होने से पहले दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंगलवार की रात कटनी जिले का करौंदी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहडोल के कल्याणपुर में 8.1 डिग्री, पचमढ़ी में 8.8 डिग्री और रीवा में 9.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। चित्रकूट, उमरिया और मंडला में पारा 11 डिग्री से नीचे रहा। बड़े शहरों में भोपाल में 14 डिग्री, इंदौर में 16.8 डिग्री, ग्वालियर में 13 डिग्री, उज्जैन में 16.2 डिग्री और जबलपुर में 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के तापमान में भी इजाफा देखा गया है। मंगलवार को प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा रहा।