UP

मुरादाबाद में 14 मार्च को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, तैयारियों की हुई समीक्षा

मुरादाबाद, 07 मार्च । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुरादाबाद के तत्वावधान में 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता हेतु शनिवार को जनपद के बैंक प्रबंधकों एवं फाइनेंस कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव तपस्या त्रिपाठी ने की। उन्होंने सभी बैंक एवं फाइनेंस कंपनियों के प्रबंधकों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन स्तर पर बैंकों के ऋण वसूली मामलों का अधिकाधिक संख्या में चिन्हांकन किया जाए, ताकि सुलह-समझौते के आधार पर उनका त्वरित निस्तारण कराया जा सके। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आपसी सहमति के आधार पर त्वरित एवं सुलभ न्याय प्रदान करना है। ऐसे में बैंकिंग मामलों, विशेषकर ऋण संबंधी विवादों के निपटारे के लिए यह एक प्रभावी मंच साबित हो सकता है। इसके साथ ही उन्होंने आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु पोस्टर, बैनर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से आमजन को जागरूक करने पर बल दिया।