उद्योग नीति का प्रभावी क्रियान्वयन कर निवेश को करें आकर्षित- जसजीत कौर
बिजनौर 19 मार्च । जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में गुरुवार दोपहर को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। उन्होंने शासन की औद्योगिक नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए अधिक से अधिक निवेश आकर्षित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निवेश मित्र पोर्टल पर लम्बित विभागीय प्रकरणों को भी जल्द से जल्द निस्तारण कर ले।
उन्होंने उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि जिले में औद्योगिक विकास में गतिशीलता लाने के उद्देश्य से निवेशकों एवं उद्यमियों के सम्मुख आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता एवं तत्परता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनपद का औद्योगिक विकास और अधिक तेजी से आगे बढ़ सके।
इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उधमी विकास अभियान के अन्तर्गत बैकों को निर्देश दिये कि पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की गुणवत्ता पूर्वक जांच करते हुए सही प्रकार से स्वीकृत करना सुनिश्चित करें, जिससे कि योजना का लाभ अधिक से अधिक लाभार्थियों को प्राप्त हो सके।

