राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश, ओलावृष्टि से बदला मौसम
जयपुर, 30 अप्रैल । राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बुधवार दोपहर बाद प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। विशेष रूप से जोधपुर और कोटा संभाग के जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई। बाड़मेर, अलवर, कोटा सहित कई जिलों में चने के आकार के ओले गिरे, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी व हीटवेव से राहत मिली।
प्रदेश के श्रीगंगानगर, सीकर, पिलानी समेत 10 से अधिक शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे मापा गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने गुरुवार को भी आठ जिलों में बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
बुधवार को चित्तौड़गढ़ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा जैसलमेर में 42.6, बाड़मेर में 42, बीकानेर में 41.4, जोधपुर और कोटा में 41.3, अजमेर में 40.4, उदयपुर में 40.5 तथा जयपुर में 41 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी जयपुर में दिनभर तेज गर्मी और उमस बनी रही।
हल्के बादलों की आवाजाही के बीच अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 28.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया। उदयपुर में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई। दिन का तापमान 40.5 डिग्री और रात का तापमान 25.6 डिग्री रहा। दोपहर के समय बाजारों में गर्मी के कारण सन्नाटा नजर आया।
जोधपुर में दिनभर उमस और गर्मी के बाद शाम को अचानक बारिश हुई। शास्त्री नगर क्षेत्र में पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। जालोरी गेट, सरदारपुरा और बासनी क्षेत्रों में रिमझिम बारिश से मौसम सुहावना हो गया।
सीकर में तापमान 40 डिग्री से नीचे आ गया। आंधी और बारिश के कारण तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट मापी गई। अजमेर में दिनभर तेज धूप और गर्मी रही, लेकिन शाम को धूलभरी हवाओं के साथ हल्की बारिश ने मौसम बदल दिया। अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री और न्यूनतम 27.9 डिग्री रहा।
अलवर जिले में दोपहर बाद तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई। केरवाजाट गांव सहित कई क्षेत्रों में जमीन पर ओलों की सफेद चादर बिछ गई। कोटा में दो दिनों में तापमान में लगभग 4 डिग्री की गिरावट आई।
शाम को तेज बारिश और ओलों ने लोगों को गर्मी से राहत दी।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 48 घंटों तक राजस्थान के कई जिलों में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना रहेगा। इस दौरान आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। इससे तापमान में और गिरावट हो सकती है तथा हीटवेव से अस्थायी राहत मिलने के आसार हैं।

