MP

करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के हिसाब से हो रहे सिंहस्थ के निर्माण कार्य: आशीष सिंह

उज्जैन, 07 मई । मध्य प्रदेश के उज्जैन में आयोजित होने वाले सिहंस्थ 2028 की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। उज्जैन संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने गुरुवार को सिंहस्थ के अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों का नियमित निरीक्षण किया।

इस अवसर पर संभागायुक्त सिंह ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप विश्व स्तरीय अलौकिक सिंहस्थ महापर्व के लिए प्रगतिरत विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ महापर्व 2028 के दौरान विश्व भर से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशा अनुसार ही निर्माण कार्य हो रहे है। निर्माण के दौरान गुणवत्ता को लेकर कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी।

संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने गुरुवार को गैल इंडिया चौराहा से शांतिनगर, नीलगंगा कवेलू कारखाना चौराहा तक 2700 मीटर लंबे और 18 मीटर चौड़े मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इसके बाद संभागायुक्त सिंह ने कवेलू कारखाना चौराहा पर निर्माणाधीन अंडर पास की मैप डिजाईन देखी और निर्देश दिए कि अंडरपास के माध्यम से श्रद्धालुओं और आमजनों को आने-जाने में सुविधा रहे, इसके लिए रोटरी का निर्माण भी किया जाए। रोटरी बनने से भीड़ नियंत्रण भी किया जा सकेगा। संभागायुक्त ने मौके पर निर्माण एजेंसी को सड़क निर्माण कार्य में फिनिशिंग करने और निर्माण सामग्री में गुणवत्ता रखने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त सिंह और कलेक्टर सिंह ने मकोडिया आम से श्री सांदीपनि आश्रम मार्ग तक 1.70 किलोमीटर लंबे सीमेंट कांक्रीट सिक्स लेन मार्ग निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस मार्ग पर विद्युतीकरण कार्य भी मार्ग चौड़ीकरण कार्य के साथ प्रगतिरत है। मार्ग में विद्युत पोल शिफ्टिंग, चौड़ीकरण के लिए खोदाई कार्य, सबग्रेड कार्य दोनों ओर से प्रगतिरत है। रिटेनिंग वॉल का निर्माण भी 220 मीटर पर प्रगतिरत है।

संभागायुक्त ने श्री काल भैरव मंदिर मार्ग, सिद्धवट मार्ग, भैरवगढ़ चौराहा से कालियादेह पैलेस तक फोर लेन मार्ग का निरीक्षण करते हुए यहां प्रमुख मार्गों को मिलाने वाले निर्माणाधीन फ्लायओवर कार्य की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों को मिलाने वाले फ्लायओवर के निर्माण से भीड़ प्रबंधन और यातायात प्रबंधन किया जा सकेगा। निर्माण कार्य को समय सीमा में पूर्ण कराने के लिए निर्माण एजेंसी को अतिरिक्त श्रमिक लगाकर कार्य तेज गति से कराने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रगतिरत सभी विकास कार्यों को चुनौती के रूप में लेते हुए गुणवत्ता पूर्ण निर्माण समय पर किया जाना है। सिंहस्थ 2028 महापर्व पर विश्व स्तरीय आयोजन के लिए आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सुविधा, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन, भीड़ प्रबंधन के लिए काम हो रहे है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य को तेज गति से करें। संबंधित विभागीय अधिकारी मौके पर निर्माण कार्य की सतत मॉनिटरिंग करते रहे।