UP

मीरजापुरः ट्रक में पीछे से घुसी कार, दंपती की मौत

मीरजापुर, 28 जून । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग-135 पर लहुरियादह गांव के पास शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे खड़े ट्रक में पीछे से कार टकरा गई। हादसे में मध्यप्रदेश निवासी दंपती की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। कार में सवार मृतक दंपती के दो छोटे बच्चे बाल-बाल बच गए।

मध्यप्रदेश के कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय विकास ताम्रकार परिवार व रिश्तेदारों के साथ वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन कर कार से लौट रहे थे। लहुरियादह के पास हाईवे पर ट्रक को आगे-पीछे किया जा रहा था। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पीछे जा घुसी।

हादसे में विकास ताम्रकार, उनकी 31 वर्षीय पत्नी सोनम, चालक हीरालाल, हिमांशु ताम्रकार, सक्षम और राधा घायल हो गए। पुलिस सभी को सीएचसी लालगंज ले गई, जहां चिकित्सकों ने विकास और सोनम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राधा को मंडलीय चिकित्सालय रेफर किया गया, जबकि अन्य तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

मृतक के साले हिमांशु ताम्रकार ने बताया कि सभी लोग काशी विश्वनाथ के दर्शन कर घर लौट रहे थे। उनका आरोप है कि ट्रक चालक हाईवे पर ट्रक को आगे-पीछे कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ।

हादसे में दंपती के चार वर्षीय पुत्र शिवांश और डेढ़ वर्षीय रुद्र को खरोंच तक नहीं आई।

प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि कार में आठ लोग सवार थे। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।