MP

भोपाल: अयोध्यानगर पुलिस ने गांजा तस्कर को दबोचा, 300 ग्राम गांजा जब्त

भोपाल, 16 जुलाई । मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत अयोध्यानगर थाना पुलिस ने गुरुवार काे गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 300 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना पर झील नगर झुग्गी बस्ती क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी मोहन उर्फ बाला जाटव (38) निवासी झुग्गी नंबर-172, झील नगर, भोपाल को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 0.300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह भोपाल के इतवारा क्षेत्र से गांजा लाकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर झील नगर और आसपास की झुग्गी बस्तियों में बेचता था। पुलिस अब उससे मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और अन्य संबंधित लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पूर्व में मारपीट, धमकी, आबकारी अधिनियम तथा अन्य मामलों सहित कई आपराधिक प्रकरण भी दर्ज हैं। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान एवं पुलिस उपायुक्त जोन-2 विकास सहवाल के निर्देशन में अति. पुलिस उपायुक्त मिनी शुक्ला, सहायक पुलिस आयुक्त दिव्या झारिया तथा थाना प्रभारी निरीक्षक महेश लिल्हारे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।