UP

सुलतानपुर में 104 किलो अवैध गांजे के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

सुलतानपुर, 25 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के बन्धुआकला थाना क्षेत्र में 104 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ एक गांजा तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

नगर क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र सिंह ने शनिवार को बताया कि लखनऊ-सुलतानपुर हाईवे पर डेरा बसी ढाबा से गांजा तस्कर विजय पाल (37 ) पुत्र रामकिसन को गिरफ्तार किया है। वह अयोध्या के हैदरगंज थाना क्षेत्र के नियाजपुर भदार गांव का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से 104 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसे तीन बोरियों में 52 पैकेट में टेप करके रखा गया था। गांजे की तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक डीसीएम वाहन भी जब्त किया गया। न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

बरामदगी में अवैध गांजे और डीसीएम वाहन के अतिरिक्त एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस और एक मोबाइल फोन भी शामिल हैं।

आरोपित विजय पाल का आपराधिक इतिहास है जिसमें बन्धुआकला थाने में वर्तमान एनडीपीएस एक्ट के मामले के अलावा, रायबरेली के डलमऊ थाने में गैंगेस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। मैनपुरी के कोतवाली थाने में भी उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।