हरिद्वार कांवड़ मेला : 2 दिन में 25 लाख से ज्यादा शिव भक्त कांवड़ियों ने भरा गंगाजल
हरिद्वार, 31 जुलाई । कांवड़ मेला के दूसरे दिन हरिद्वार में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। पुलिस कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को 14 लाख 55 हजार श्रद्धालु पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
कांवड़ यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक कुल 25 लाख 10 हजार शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ व्यवस्थाओं का संचालन कर रहे हैं।
कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का पालन करें और प्रशासन तथा पुलिस द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अनुपालन करें।
अधिकारियों ने बताया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ 24 घंटे कार्यरत हैं, ताकि लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके।

