MP

दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर राजगढ़ जिले में जश्न, कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाइयां

राजगढ़, 03 अगस्त । मध्‍य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की जीत के बाद राजगढ़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ जश्न मनाया। ब्यावरा, सुठालिया और जिला मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की, मिठाइयां बांटी और नारेबाजी कर अपनी खुशी व्यक्त की।

ब्यावरा के पीपल चौराहे पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता एकत्रित हुए। ढोल-नगाड़ों की धुन और आतिशबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।

इस अवसर पर पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी ने कहा कि दतिया उपचुनाव का परिणाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की एकजुटता और जनता के विश्वास का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम आगामी चुनावों के लिए कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक संकेत है।

जिला मुख्यालय राजगढ़ में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर और नारेबाजी कर जीत का उत्सव मनाया। वहीं सुठालिया बस स्टैंड पर भी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटे और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी और जनविश्वास के बल पर आगे भी मजबूती के साथ कार्य करती रहेगी।