हेरोइन बरामदगी के मामले में 21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, कैथू जेल भेजा
शिमला, 08 अगस्त । शिमला पुलिस ने नशा तस्करी से जुड़े एक मामले की जांच के दौरान एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ढली थाना क्षेत्र में दो आरोपियों से करीब आठ ग्राम हेरोइन यानी चिट्टा बरामद होने के बाद की गई जांच में अनूज सरकैक की भूमिका सामने आई थी। उसे 4 अगस्त को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार 3 अगस्त को ढली थाना क्षेत्र में एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस टीम ने दो आरोपियों को पकड़ा था। उनके कब्जे से करीब आठ ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी।
मामले की आगे की जांच में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध अन्य तथ्यों का विश्लेषण किया। इसी दौरान 21 वर्षीय अनूज सरकैक की कथित भूमिका सामने आई। वह शिमला जिला की कुमारसेन तहसील के दलान का रहने वाला है। पुलिस ने इसके बाद उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद अनूज सरकैक को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके बाद उसे जिला कारागार कैथू भेजा गया।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है। जांच के दौरान नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य तथ्यों और लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

