एसआईआर पर सख्ती: अगले 15 दिन मंडलायुक्त करेंगे फील्ड विजिट, जिलों में करेंगे कैंप
देहरादून, 17 अगस्त । विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर निर्वाचन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ.बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय में सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की। उन्होंने दोनों मंडलायुक्तों को अगले 15 दिनों तक निर्धारित जिलों में कैंप कर फील्ड विजिट और क्रॉस वेरिफिकेशन करने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि कुमाऊं मंडलायुक्त नैनीताल और ऊधमसिंह नगर, जबकि गढ़वाल मंडलायुक्त देहरादून और हरिद्वार में कैंप करेंगे। इस दौरान वे विशेष रूप से उन बूथों का सत्यापन करेंगे,जहां मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 और नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने जिलाधिकारियों को भी रैंडम फील्ड विजिट के माध्यम से बूथों का औचक निरीक्षण कर सुपर चेकिंग करने के निर्देश दिए। जिन बूथों पर फॉर्म-6 के आवेदन 4 प्रतिशत से अधिक और फॉर्म-7 के आवेदन 2 प्रतिशत से अधिक हैं, वहां निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी को संबंधित फॉर्मों का क्रॉस वेरिफिकेशन करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के तहत प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि दावे और आपत्तियों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास समेत सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।

